Breaking News

जम्मू कश्मीर के सोपोर में AK-47, हैंड ग्रेनेड समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद     |   मुंबई में मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव, अंधेरी सबवे बंद     |   यूरोप में भीषण गर्मी का कहर: फ्रांस में 1,000 से अधिक लोगों की मौत, अलर्ट जारी     |   थाईलैंड में मर्डर: सूटकेस में मिली 17 साल की थाई लड़की की लाश, ऑस्ट्रेलियाई गिरफ्तार     |   पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में बरसाए बम, 34 की मौत, 40 जख्मी     |  

स्वराज ट्रैक्टर्स की 70 एचपी से अधिक क्षमता वाले ट्रैक्टर खंड में उतरने की तैयारी

मुंबई, 14 जून (भाषा) महिंद्रा समूह की अनुषंगी कंपनी स्वराज ट्रैक्टर्स विशेष जरूरत वाले ग्राहकों के लिए 70 हॉर्सपावर (एचपी) से अधिक क्षमता वाले ट्रैक्टर खंड में प्रवेश करने की योजना बना रही है।

साथ ही कंपनी पंजाब स्थित अपनी विनिर्माण इकाई में पेंट शॉप की क्षमता बढ़ाने के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगी।

स्वराज ट्रैक्टर्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गगनजोत सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में कहा कि कंपनी अगले पांच से सात वर्षों के दौरान हर साल कम से कम एक नया उत्पाद बाजार में उतारने का लक्ष्य रखती है। इसके अलावा वह अपनी अगली पीढ़ी के प्रीमियम ट्रैक्टर ‘प्रोटेक’ का भौगोलिक विस्तार करेगी और उत्पाद पोर्टफोलियो भी बढ़ाएगी।

कंपनी के मौजूदा उत्पाद पोर्टफोलियो में स्वराज 855, 735, 744, 960, 742, 963, कॉम्पैक्ट स्वराज टारगेट, हाल में पेश की गई ‘नया स्वराज’ श्रृंखला और ‘प्रोटेक’ शामिल हैं।

सिंह ने कहा, “पिछले कुछ वर्षों में दो तरह के बदलाव देखने को मिले हैं। अधिक एचपी वाले ट्रैक्टर की मांग उद्योग की औसत वृद्धि दर से तेज बढ़ रही है। दूसरी ओर कम एचपी वाले ट्रैक्टर की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। 30-40 एचपी खंड का हिस्सा घट रहा है, जबकि 40 एचपी से ऊपर और 30 एचपी से नीचे के ट्रैक्टरों की मांग बढ़ रही है।”

उन्होंने कहा कि इन रुझानों के पीछे बागवानी गतिविधियों में वृद्धि और कटाई तथा कटाई के बाद के कार्यों के लिए अधिक शक्ति वाले ट्रैक्टर की बढ़ती जरूरत जैसे कारण हैं।

स्वराज ट्रैक्टर्स के पास वर्तमान में पंजाब में तीन विनिर्माण संयंत्र है। कंपनी कॉम्पैक्ट हल्के ट्रैक्टर से लेकर 70 एचपी तक के मॉडल उपलब्ध कराती है। ये ट्रैक्टर पारंपरिक खेती से लेकर आधुनिक, हल्के और सटीक कृषि कार्यों तक विभिन्न जरूरतों को पूरा करते हैं।

भाषा

योगेश अजय

अजय