Breaking News

जम्मू कश्मीर के सोपोर में AK-47, हैंड ग्रेनेड समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद     |   मुंबई में मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव, अंधेरी सबवे बंद     |   यूरोप में भीषण गर्मी का कहर: फ्रांस में 1,000 से अधिक लोगों की मौत, अलर्ट जारी     |   थाईलैंड में मर्डर: सूटकेस में मिली 17 साल की थाई लड़की की लाश, ऑस्ट्रेलियाई गिरफ्तार     |   पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में बरसाए बम, 34 की मौत, 40 जख्मी     |  

राजस्थान एसीबी ने बेंगलुरु के तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते हुए पकड़ा

जयपुर, 14 जून (भाषा) राजस्थान के भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को बेंगलुरु पुलिस की एक महिला उप-निरीक्षक और दो हेड कांस्टेबल को जयपुर के एक होटल में कथित रूप से 40,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उप-निरीक्षक अनीता के. औ हेड कांस्टेबल उल्लवप्पा तेगुर तथा यतीश के रूप में हुई है। तीनों कर्नाटक के बेंगलुरु में स्थित एचएएल थाने में तैनात हैं।

एसीबी के अनुसार, एक शिकायत मिली थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ बेंगलुरु के एचएएल थाने में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज है।

एसीबी ने बताया कि मामले की जांच के सिलसिले में आरोपी पुलिसकर्मी जयपुर आए थे और कथित तौर पर मामले को कमजोर करने तथा परिवार के सदस्यों को आरोपों से मुक्त कराने के बदले दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे।

सत्यापन के बाद एसीबी ने रिश्वतखोरी के आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाया और शिकायतकर्ता को अगले दिन सुबह तक धनराशि की व्यवस्था करने के लिए कहा गया था।

इसके बाद एसीबी की टीम ने जयपुर के होटल गणगौर में जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल उल्लवप्पा तेगुर को कथित रिश्वत राशि के हिस्से के रूप में 40,000 रुपये स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

पूछताछ के दौरान महिला उप-निरीक्षक और हेड कांस्टेबल यतीश की संलिप्तता का भी पता चला, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब