Breaking News

चढ़ावा चोरी केस: SBI समेत 3 बैंकों से आरोपियों के खातों-लॉकरों की डिटेल मांगी गई     |   ISKCON ने कोलकाता के वाइस-प्रेसिडेंट राधा रमण दास को सभी पदों से हटाया     |   जम्मू कश्मीर के सोपोर में AK-47, हैंड ग्रेनेड समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद     |   मुंबई में मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव, अंधेरी सबवे बंद     |   यूरोप में भीषण गर्मी का कहर: फ्रांस में 1,000 से अधिक लोगों की मौत, अलर्ट जारी     |  

राष्ट्रपति मुर्मु, ओडिशा के राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने रजो पर्व पर लोगों को दी शुभकामनाएं

भुवनेश्वर, 14 जून (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कृषि उत्सव ‘रजो’ पर्व के अवसर पर रविवार को ओडिशा के लोगों को शुभकामनाएं दीं।

मुर्मु के अलावा, ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस पर्व में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी निहित है।

पर्व के इन तीन दिनों में खेती-बाड़ी से जुड़े सभी काम रोक दिए जाते हैं, क्योंकि माना जाता है कि इस दौरान धरती माता आराम करती हैं।

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘इस ‘रजो’ पर्व के मौके पर मैं देश के लोगों, खासकर ओडिशा के लोगों को दिल से बधाई देती हूं। मॉनसून के मौसम का यह त्योहार धरती, मां और बादलों के सम्मान में मनाया जाता है।’’

ओडिशा की मूल निवासी मुर्मू ने कहा कि यह त्योहार लोगों को प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण तरीके से रहने के महत्व की याद दिलाता है।

लोगों को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा, ‘‘खेती-किसानी से जुड़ा यह त्योहार ओडिशा की संस्कृति, प्रकृति, तरक्की और परंपरा का एक महान उत्सव है। इसमें पर्यावरण संरक्षण का संदेश छिपा है। धरती माता की महिमा को उजागर करने के साथ-साथ यह त्योहार भाईचारे, दोस्ती और सद्भावना को भी मजबूत करता है।’’

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि यह त्योहार ओडिया पहचान की जीवंत परंपरा, मिट्टी और मातृ-शक्ति का एक अनोखा संगम है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आप सभी को दिल से बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।’’

ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक ने इस अवसर पर सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

भाषा शोभना अमित

अमित