Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

दिल्ली में स्कूटर की टक्कर के बाद मालवाहक वाहन की चपेट में आए यातायात पुलिसकर्मी की मौत

नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) उत्तरी दिल्ली में कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी) के पास शनिवार को एक स्कूटर की टक्कर लगने और फिर मालवाहक वाहन से कुचले जाने के कारण दिल्ली यातायात पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि हेड कांस्टेबल अनिल (39) कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास रिंग रोड पर ड्यूटी पर तैनात थे, तभी यह हादसा हुआ।

पुलिस ने बताया कि अनिल शांति वन से चंदगी राम अखाड़ा की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रबंधन कर रहे थे। इसी दौरान हनुमान मंदिर की ओर से आ रहे एक स्कूटर ने उन्हें टक्कर मार दी।

उसने बताया कि स्कूटर पर तीन लोग सवार थे।

पुलिस ने बताया कि टक्कर लगने से हेड कांस्टेबल सड़क पर गिर गए और इसी दौरान एक मालवाहक वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि अनिल को सिविल लाइंस स्थित सुश्रुत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद स्कूटर सवार लोग मौके से फरार हो गए जबकि मालवाहक वाहन के चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

फरार आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि राजस्थान के कोटपूतली जिले के रहने वाले अनिल के परिवार को हादसे की सूचना दे दी गई है।

भाषा

सिम्मी गोला

गोला