Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

अमेरिका-ईरान शांति समझौते पर रविवार को हस्ताक्षर होंगे : ट्रंप

वाशिंगटन, 13 जून (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए रविवार को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और उसके तुरंत बाद होर्मुज जलडमरूमध्य ‘‘सभी के लिए’’ खोल दिया जाएगा।

ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कल समझौता होगा। जैसे ही इस पर हस्ताक्षर होंगे, होर्मुज जलडमरूमध्य सभी के लिए खोल दिया जाएगा।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रस्तावित समझौते की तुलना पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में 2015 में हुए संयुक्त व्यापक कार्य योजना (जेसीपीओए) से भी की।

उन्होंने कहा, ‘‘बराक हुसैन ओबामा का ईरान के साथ समझौता, जेसीपीओए, परमाणु हथियार तक पहुंचने का एक आसान और सुगम रास्ता था। इससे ईरान के पास छह साल पहले ही परमाणु हथियार होते, जिनका वह अब तक इस्तेमाल भी कर चुका होता।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘ईरान के साथ मेरा समझौता बिल्कुल इसके उलट है। इसमें परमाणु हथियार न होने की पक्की गारंटी है। असल में, अब उन्हें परमाणु हथियार नहीं चाहिए और न ही वे इसे खरीदकर, बनाकर या किसी और तरीके से हासिल करेंगे।’’

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम प्रभावी रूप से निष्क्रिय कर दिया गया है और शेष परमाणु सामग्री का बाद में निपटारा कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘उपयुक्त समय पर, जब सब कुछ शांत होगा, हम अपने शानदार बी-2 बॉम्बर्स और उनके बेहतरीन पायलटों की मदद से अंदर जाकर, पहाड़ों के नीचे दबाकर रखी गई परमाणु सामग्री को निकालेंगे। इसके बाद उसे प्रसंस्कृत कर ईरान या अमेरिका में कहीं भी नष्ट कर देंगे।’’

इससे पहले, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा था कि अमेरिका-ईरान शांति समझौते को अगले 24 घंटों में अंतिम रूप दिया जा सकता है।

भाषा आशीष रंजन

रंजन