Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

चंडीगढ़ में दिन-दहाड़े हुई हत्या: नकाबपोश बदमाशों ने दवा दुकान के रोकड़ियां पर चलाईं गोलियां

चंडीगढ़, 13 जून (भाषा) चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित एक दवा की दुकान पर शनिवार को दो अज्ञात बदमाशों ने 45 वर्षीय रोकड़िया को कथित तौर पर गोली मार दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

घटना के सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी दुकान के गल्ले के पास खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उनमें से एक ने पिस्तौल निकाली और गल्ले के पास खड़े जानकी दास पर बेहद नजदीक से तेरह गोलियां चलाईं।

दास हिमाचल प्रदेश के रहने वाले थे और अभी यहां धनास में रह रहे थे।

पुलिस ने बताया कि हमलावर मोटरसाइकिल से वारदात की जगह से भाग गए, जबकि उनका तीसरा साथी बाहर इंतजार कर रहा था।

घटना के समय दुकान के अंदर कुछ और ग्राहक भी मौजूद थे।

सेक्टर-11 के मुख्य बाजार क्षेत्र में कई दवा दुकानें हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह स्नानकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) के निकट स्थित है।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने घटनास्थल के पास संवाददाताओं को बताया कि वह दुकान के बाहर बैठा था, तभी अचानक उसे और वहां मौजूद अन्य लोगों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जैसे ही आरोपी दुकान से बाहर निकले, लोगों ने ‘‘पकड़ो-पकड़ो’’ चिल्लाया, लेकिन आरोपियों ने हवा में गोलियां चलाईं और मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।

उसने कहा कि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस का नाका होने के बावजूद आरोपी वहां से भागने में सफल रहे।

घटना के बाद क्षेत्र की दवा दुकानों के संचालकों ने विरोधस्वरूप शनिवार को अपनी दुकानें बंद कर दीं।

पुलिस उप-निरीक्षक सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल जानकी दास को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना दोपहर करीब ढाई बजे हुई।

जब उनसे पूछा गया कि क्या इस घटना में रंगदारी या गैंगस्टरों का कोई कोण है, तो सिंह ने कहा, 'जांच अभी शुरुआती दौर में है और अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।'

उन्होंने कहा कि दुकान के मालिक को कोई धमकी नहीं मिली थी, फिर भी हम सभी पहलुओं पर गौर कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, 'हम आरोपियों को पकड़ने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।'

भाषा राखी रंजन

रंजन