Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

कसोल के 'होमस्टे' में रूसी महिला पर्यटक रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई

कुल्लू (हिमाचल प्रदेश), 13 जून (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कसोल में एक 'होमस्टे' के स्नानगृह में 29 वर्षीय रूसी महिला पर्यटक रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाई गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि डारिया कुजमिनिख नाम की महिला कसोल (पार्वती घाटी में बसा एक छोटा सा गांव जो इजराइली, रूसी और यूक्रेनी पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है) आई थी और वहां अपने दोस्त के साथ एक 'होमस्टे' में ठहरी हुई थी।

उन्होंने बताया कि शनिवार को उसके मित्र ने उसे स्नानगृह में बेहोशी की हालत में पाया और चिकित्सकीय सहायता पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों से सूचना मिलने पर मणिकरण पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, 'पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि महिला की मौत किसी चिकित्सकीय जटिलता के कारण हुई या किसी अन्य वजह से। प्रारंभिक पूछताछ में महिला के मित्र ने भी किसी तरह की साजिश या आपराधिक घटना की आशंका व्यक्त नहीं की है।'

अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के तहत नयी दिल्ली स्थित रूसी दूतावास को इस घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।

भाषा

शुभम माधव

माधव