Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

मोदी और ट्रंप 17 जून को फ्रांस में जी-7 सम्मेलन से इतर मुलाकात करेंगे

(सागर कुलकर्णी)

वॉशिंगटन, 13 जून (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को फ्रांस में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। स्थानीय मीडिया ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी।

पिछले साल फरवरी में वॉशिंगटन में हुई मुलाकात के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात होगी। दोनों नेताओं की यह मुलाकात होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसेना द्वारा निशाना बनाए गए वाणिज्यिक जहाजों पर सवार भारतीय नाविकों की मौत को लेकर उपजी चिंताओं के बीच हो रही है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ और वॉशिंगटन द्वारा नयी दिल्ली पर भारी शुल्क लगाने के फैसले के बाद भारत-अमेरिका संबंधों में आई खटास के बाद ट्रंप और मोदी के बीच पहली बार आमने-सामने की बातचीत होगी।

दोनों नेताओं के बीच कुछ मौकों पर फोन पर बातचीत हुई है और फरवरी में उन्होंने एक अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते के प्रारूप पर सहमति जताई थी, जिस पर बातचीत जारी है।

अमेरिकी मीडिया संगठन ‘पॉलिटिको’ ने बताया कि ट्रंप मंगलवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थान और संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे।

बुधवार को जी-7 सहयोगियों के साथ कार्य सत्रों में भाग लेने के अलावा ट्रंप मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी के साथ भी द्विपक्षीय बैठक करेंगे।

ट्रंप जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए सोमवार सुबह फ्रांस के लिए रवाना होंगे।

ट्रंप सोमवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे ।

अमेरिकी राष्ट्रपति सहयोगियों के साथ कई ‘साझा महत्व’ के मुद्दों पर चर्चा करेंगे, जिनमें ‘आर्थिक विकास, आपूर्ति श्रृंखला का लचीलापन, अवैध प्रवासन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ शामिल हैं।

मोदी शनिवार को फ्रांस और स्लोवाकिया के एक सप्ताह के दौरे पर रवाना हुए जहां वे जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और कई द्विपक्षीय और वैश्विक मुद्दों पर विश्व के नेताओं के साथ चर्चा करेंगे।

भाषा संतोष राजकुमार

राजकुमार