Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

दीपक प्रकाश पूरे कार्यकाल तक बिहार के मंत्री बने रहेंगे: उपेंद्र कुशवाहा

नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पुत्र दीपक प्रकाश को बिहार सरकार में मंत्री पद “पूरे कार्यकाल” के लिए दिया गया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी सहयोगी दलों ने गहन विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया है और उन्हें पूरे पांच साल के लिए मंत्री बनाए रखने का रास्ता भी निकाल लिया जाएगा।

हाल ही में दीपक प्रकाश को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में पंचायती राज मंत्री बनाया गया था, जबकि वह न तो बिहार विधानसभा के सदस्य हैं और न ही विधान परिषद के।

दीपक प्रकाश के मंत्री पद पर बने रहने को लेकर अटकलें तब तेज हो गईं, जब विधान परिषद चुनाव के लिए घोषित राजग के नौ उम्मीदवारों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं था। इन उम्मीदवारों में भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह तथा राज्य के मंत्री निशांत कुमार भी शामिल थे।

बृहस्पतिवार को राजग के सभी नौ उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए।

इस मुद्दे पर सफाई देते हुए कुशवाहा ने कहा, “यह सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि दीपक प्रकाश किसी भी सदन (विधानसभा या विधान परिषद) के सदस्य नहीं हैं और फिर भी उन्हें मंत्री बनाया गया है। लेकिन उन्होंने सिर्फ आरएलएम की इच्छा से मंत्री पद की शपथ नहीं ली। उन्होंने शपथ इसलिए ली क्योंकि यह पूरे राजग की, विशेष रूप से सबसे बड़े सहयोगी दल भाजपा की भी इच्छा थी।”

उन्होंने कहा कि भाजपा समेत राजग के सभी शीर्ष नेताओं ने दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया है और वे उन्हें पद पर बनाए रखने का रास्ता भी निकाल लेंगे।

कुशवाहा ने कहा, “उन्होंने यह फैसला सोच-समझकर ही लिया होगा। इसलिए उनकी समझदारी पर संदेह करने की कोई जरूरत नहीं है। दीपक प्रकाश सिर्फ दो-चार महीने के लिए मंत्री नहीं बने हैं। उन्होंने पूरे कार्यकाल के लिए यह जिम्मेदारी संभाली है। मेरा विश्वास कीजिए, वह मंत्री बने रहेंगे। बस इंतजार कीजिए और देखिए कि आगे क्या होता है।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें भाजपा से कोई आश्वासन मिला है, तो कुशवाहा ने जवाब दिया, “भाजपा की ओर से आश्वासन की कमी कब रही है? आप यह सवाल तभी पूछ सकते थे, जब कोई आश्वासन नहीं मिला होता।”

भाषा जोहेब माधव

माधव