रांची, 13 जून (भाषा) झारखंड के तीन जिलों में शनिवार को हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
लातेहार जिले में सदर थाना क्षेत्र के खुटगढ़ी गांव के पास एक मोटरसाइकिल और चार-पहिया वाहन की आमने-सामने की भिड़ंत में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ‘‘मृतकों की पहचान चंदवा थाना क्षेत्र के मूर्तिया गांव निवासी बीरेंद्र लोहरा और सुरेंद्र लोहरा के रूप में हुई है। वे लातेहार शहर जा रहे थे, जबकि कार विपरीत दिशा से आ रही थी। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण होने की आशंका है। मोटरसाइकिल सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।’’
उन्होंने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। चार-पहिया वाहन घटनास्थल पर लावारिस हालत में मिला, जबकि चालक की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है।
वहीं, गोड्डा जिले में महागामा थाना क्षेत्र के बसुआ चौक के पास सुबह टहलने निकले 55-वर्षीय एक व्यक्ति को पिकअप वैन ने पीछे से टक्कर मार दी।
महागामा थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल ने बताया, ‘‘मृतक की पहचान रविदास कॉलोनी निवासी अर्जुन रविदास के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पिकअप वैन को जब्त कर लिया गया है और चालक की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।’’
एक अन्य घटना में पलामू जिले के सदर थाना क्षेत्र में पोखराहा चौक के पास एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे 36-वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।
सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया, ‘‘मृतक की पहचान पोखराहा गांव निवासी रामरेखा पासवान के रूप में हुई है। वह एक निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था और मेदिनीनगर में ड्यूटी पर जा रहा था। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) भेज दिया गया है।’’
उन्होंने बताया कि ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले की जांच जारी है।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश