Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

दिल्ली: बारिश से मौसम ठंडा, आने वाले दिनों में उमस से बढ़ेगी लोगों की परेशानी

नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में हाल में हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत दिलाई हालांकि, मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में आर्द्रता बढ़ने के कारण दिल्लीवासियों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री कम 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शाम साढ़े पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता 48 प्रतिशत दर्ज की गई।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, शुक्रवार रात की तरह शनिवार शाम व रात में भी दिल्ली में गरज के साथ बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि जैसे-जैसे इसका प्रभाव कमजोर होगा और दिल्ली से दूर जाएगा, रविवार से इसका असर कम होने लगेगा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

आईएमडी ने रविवार के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज के साथ बिजली चमकने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल किसी भी तरह की गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

विशेषज्ञों का कहना है कि भले ही अगले कुछ दिनों में लू जैसी गंभीर स्थिति की आशंका नहीं है लेकिन हाल की बारिश के बाद बढ़ी नमी के कारण लोगों को उमस महसूस हो सकती है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम छह बजे शहर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 111 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी के अंतर्गत है।

सीपीसीबी के अनुसार, एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष