Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

मोदी सरकार के तहत भारत में हो रहा अभूतपूर्व विकास: गडकरी

नागपुर/चंडीगढ़, 13 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के पिछले 12 वर्ष के कार्यकाल में देश में जितना विकास हुआ है, उतना इससे पहले के छह दशकों में नहीं हुआ था।

उन्होंने कहा कि देश ने कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तीकरण, युवा सशक्तीकरण तथा अन्य सभी सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गडकरी ने मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

मिश्रित ईंधन में एथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा देने की सरकार की पहल पर बात करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि उन्होंने बीती रात ही वाहनों में 100 प्रतिशत एथेनॉल के उपयोग संबंधी नियमों को मंजूरी देने वाली फाइल पर हस्ताक्षर किए हैं।

वहीं, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों के दौरान विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्रों में अभूतपूर्व परिवर्तन देखा है।

मनोहर लाल ने चंडीगढ़ में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विकास की यह यात्रा केवल सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि यह देश की जनता के विश्वास और आकांक्षाओं की गाथा है तथा विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने की कहानी भी है।

उन्होंने कहा कि ‘‘विकास भी, विरासत भी’’ के मंत्र से प्रेरित ‘‘नया भारत’’ विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है और साथ ही सुशासन के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है।

भाषा

जोहेब नेत्रपाल

नेत्रपाल