Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

दिल्ली पुलिस ने ई-रिक्शा की चोरी करने वाले गिरोह का किया भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में ई-रिक्शा की चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके सरगना को गिरफ्तार कर लिया है तथा इस गिरोह से जुड़े तीन नाबालिगों को भी पकड़ा है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान द्वारका के गोयला डेरी क्षेत्र के निवासी महबूब खान उर्फ अभिषेक (42) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार महबूब खान नाबालिगों को वाहन चोरी के लिए तैयार करता था, जबकि चोरी किए गए ई-रिक्शा को छिपाने और ठिकाने लगाने का काम स्वयं करता था।

इस मामले की जांच चार जून को धर्मेंद्र कुमार की शिकायत के आधार पर दर्ज ई-प्राथमिकी के बाद शुरू की गई।

धर्मेंद्र कुमार ने आरोप लगाया था कि तीन युवकों ने सत्यापन कराने के बहाने उसे एक गौशाला तक चलने के लिए कहा और इस दौरान उसका ई-रिक्शा चोरी कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस की टीम ने 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी निगरानी की मदद से चोरी में कथित रूप से शामिल तीन नाबालिगों की पहचान की।

पूछताछ में नाबालिगों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि महबूब खान उन्हें चोरी के लिए नियुक्त करता था और प्रत्येक चोरी किए गए ई-रिक्शा के बदले 2,500 रुपये देता था।

नाबालिगों की निशानदेही के आधार पर पुलिस ने महबूब खान को गिरफ्तार कर लिया और गोयला डेरी के पास एक खाली भूखंड से इस मामले से संबंधित ई-रिक्शा बरामद किया।

पुलिस ने बताया कि आगे की पूछताछ के आधार पर विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए 14 अन्य ई-रिक्शा भी बरामद किए गए।

अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई से वाहन चोरी के कई मामलों का खुलासा हुआ है।

पुलिस ने इस मामले में चोरी, बच्चों का आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल तथा समान आशय से अपराध करने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

भाषा रवि कांत रवि कांत रंजन

रंजन