Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

सिक्किम: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राज्य अतिथि गृह का पुनर्विकास करने के लिए कहा

गंगटोक, 13 जून (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में बागडोगरा हवाई अड्डे के पास स्थित राज्य अतिथि गृह का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को इसके पुनर्विकास व भविष्य में इस्तेमाल के तरीकों पर विचार करने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री के साथ मंत्री भीम हंग लिंबू, मुख्य सचिव आर. तेलंग, प्रधान मुख्य अभियंता चंद्र विजय बस्नेत और कई अधिकारी भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा, यह निरीक्षण अतिथि गृह की मौजूदा स्थिति का जायजा लेने और इसके नवीनीकरण, आधुनिकीकरण तथा बेहतर इस्तेमाल की संभावनाओं का पता लगाने के लिए किया गया था।

लगभग 28,800 वर्ग फुट में फैली यह संपत्ति सिक्किम पर्यटन विकास निगम की है और अभी इसे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को पट्टा पर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि अभी इसका इस्तेमाल बागडोगरा हवाई अड्डे की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान कर रहे हैं।

तमांग ने कहा, “लगभग 28,800 वर्ग फुट में फैली इस संपत्ति में बहुत संभावनाएं हैं और इसे सिक्किम के लोगों के लिए एक कीमती संपत्ति के तौर पर विकसित किया जा सकता है। बागडोगरा हवाईअड्डा के पास होने की वजह से, यह राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आने वाले लोगों, मेहमानों और अधिकारियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करता है।”

उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान टीम ने मौजूदा बुनियादी ढांचे का जायजा लिया और सुविधा को उन्नत करने की संभावनाओं पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मकसद ‘इस अहम सरकारी संपत्ति को सुरक्षित रखना और उसमें नई जान डालना है, साथ ही इसकी कार्यक्षमता, दिखावट और दीर्घकालिक दृष्टि से इसकी अहमियत को भी बढ़ाना है’।

भाषा जितेंद्र संतोष

संतोष