Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

गोवा की ऐतिहासिक कला अकादमी की इमारत में संरचनात्मक खामियां उजागर हुईं

पणजी, 13 जून (भाषा) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मद्रास की एक रिपोर्ट में गोवा की प्रतिष्ठित कला अकादमी की इमारत में गंभीर संरचनात्मक तथा जलरोधक (वाटर प्रूफिंग) कमियों का पता चला है। रिपोर्ट के अनुसार, भवन में लंबे समय से पानी का रिसाव हो रहा है और छत की जलरोधक व्यवस्था लगभग पूरी तरह निष्क्रिय हो चुकी है।

ये निष्कर्ष आईआईटी, मद्रास के सिविल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट में शामिल हैं। यह निरीक्षण सक्षम अधिकारियों के अनुरोध पर चार्ल्स कोरिया फाउंडेशन (सीसीएफ) के माध्यम से किया गया था। रिपोर्ट हाल ही में गोवा सरकार को सौंपी गई है।

कला अकादमी गोवा सरकार द्वारा संचालित एक प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र है। यह पणजी के कैंपाल क्षेत्र में स्थित है और फरवरी 1970 में स्थापित की गई थी। इसके भवन की रूपरेखा प्रसिद्ध वास्तुकार चार्ल्स कोरिया ने तैयार की थी।

पिछले कुछ वर्षों में इस भवन का व्यापक नवीनीकरण किया गया था, लेकिन इस परियोजना को कथित निर्माण संबंधी खामियों और इस ऐतिहासिक सांस्कृतिक परिसर के संरक्षण को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।

रिपोर्ट के अनुसार, आईआईटी मद्रास के राष्ट्रीय विरासत संरचना सुरक्षा केंद्र की टीम ने भवन में गंभीर संरचनात्मक और जलरोधक खामियों को पता लगाया है। टीम ने लगातार पानी के प्रवेश, भवन के संरचनात्मक हिस्सों में दरारें तथा छत की जलरोधक परत में खामी का पता लगाया है।

निरीक्षण का उद्देश्य भवन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना और उसकी दीर्घकालिक मजबूती से जुड़ी चिंताओं को समझना था।

यह निरीक्षण राज्य सरकार के प्रतिनिधियों, कार्यबल समिति, कला अकादमी के सदस्यों और संरचनात्मक सलाहकार की उपस्थिति में किया गया।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश