Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

नगालैंड के कांग्रेस सांसद ने मणिपुर में नगाओं की हत्या की निंदा की

कोहिमा, 13 जून (भाषा) नगालैंड के कांग्रेस सांसद एस. सुपोंगमेरेन जमीर ने मणिपुर में छह नगाओं की हत्या की शनिवार को निंदा की तथा पड़ोसी राज्य की वाई. खेमचंद सिंह सरकार और केंद्र सरकार से इस मामले में ज़्यादा सख्ती से दखल देने की मांग की।

मणिपुर पुलिस ने बुधवार को कहा था कि उन्हें छह लोगों के शव मिले हैं, जिनके बारे में माना जा रहा है कि ये उन लापता नगा पुरुषों के शव हैं, जिन्हें कांगपोकपी ज़िले में हथियारबंद गुटों ने बंधक बना लिया था।

नगालैंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जमीर ने कहा कि इन नगाओं की हत्या में लिप्त लोगों को गिरफ्तार किया जाए।

कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘यह बहुत गंभीर मामला है, क्योंकि यह (घटना) मानवता और मानवाधिकारों के खिलाफ है। इसमें शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।’’

जमीर ने यह भी आगाह किया कि स्थिति नगालैंड तक नहीं पहुंचनी चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से सतर्क रहने और एहतियाती उपाय करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार को अलर्ट पर रहना चाहिए और एहतियाती कदम उठाए जाने चाहिए।’’

जमीर ने कहा कि मणिपुर सरकार और केंद्र को हालात पर काबू पाने एवं तनाव को बढ़ने से रोकने के लिए ‘और ज़्यादा तेज़ी से’ कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि पूर्वोत्तर के एक राज्य में अस्थिरता का असर दूसरे राज्यों पर भी पड़ सकता है, क्योंकि इस इलाके में तनाव का एक दूसरे से संबंध होता है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर किसी एक राज्य को नजरअंदाज किया जाता है, तो इस समस्या का असर पूर्वोत्तर के दूसरे राज्यों पर भी पड़ेगा।’’

यह बयान मणिपुर में हिंसा और हत्याओं को लेकर उत्पन्न चिंता के बीच आया है। इन घटनाओं पर पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के नेताओं और नागरिक संस्थाओं ने प्रतिक्रिया दी है।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश