नयी दिल्ली/मुंबई, 12 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को मुंबई में रिलायंस अनिल अंबानी समूह (आरएएजी) के दो पूर्व अधिकारियों को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने सतीश सेठ और गौतम दोशी की ‘ट्रांजिट रिमांड’ ली है। दोनों रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड के निदेशक रह चुके हैं। ईडी उन्हें दिल्ली ले जा रही है क्योंकि यह मामला राष्ट्रीय राजधानी में दर्ज है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मार्च में इन दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था और उनके परिसरों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) में कथित 114.98 करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी मामले की जांच के तहत की गई थी।
सीबीआई ने कहा था, ‘‘एसबीआई उन 11 बैंकों के समूह का हिस्सा था, जिन्होंने रिलायंस टेलीकॉम लिमिटेड को कुल 735 करोड़ रुपये का कर्ज देने की मंजूरी दी थी।’’
माना जा रहा है कि ईडी ने सीबीआई की इसी शिकायत का संज्ञान लिया और बैंक कर्ज धोखाधड़ी के इस मामले में सेठ और दोशी की भूमिका की जांच कर रही है।
भाषा आशीष रंजन
रंजन