ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश), 12 जून (भाषा) ग्रेटर नोएडा में शुक्रवार को टायर फटने के बाद एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चला गया और पीछे से आ रहे डंपर से टकरा गया जिससे पिकअप में सवार दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना ईकोटेक-प्रथम थाना क्षेत्र में गलगोटिया विश्वविद्यालय के पास हुई जब निर्माण सामग्री से लदा पिकअप वाहन का एक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर एक लेन से दूसरी लेन में चला गया तभी पीछे से आ रहे एक डंपर ने उसमें टक्कर मार दी।
थाना प्रभारी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप चालक शिवम कुमार वाहन से उछलकर डिवाइडर पर जा गिरे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल अशोक कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं
खारी
खारी