श्योपुर, 12 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में शुक्रवार को अचानक आई तेज आंधी और बारिश के बाद दो अलग-अलग हादसों में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
आवदा थाने के प्रभारी धर्मेंद्र मालवीय ने बताया कि शुक्रवार शाम अचानक आई आंधी और बारिश से जिले में जनजीवन प्रभावित हुआ। इस बीच हुए दो अलग-अलग हादसों में तीन महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई।
उन्होंने बताया कि तेज आंधी के कारण क्षेत्र में कई पेड़ उखड़ गए, कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक ट्रॉली भी पलट गई।
मालवीय के अनुसार, कराहल तहसील की सुनस्वाड़ा ग्राम पंचायत के राजपुरा गांव निवासी भीमा आदिवासी का परिवार गांव में मूंग की फसल की रखवाली कर रहा था। शुक्रवार शाम करीब चार बजे तेज आंधी और बारिश शुरू होने पर परिवार के सदस्य खेत में बने एक टीनशेड में शरण लेने पहुंच गए।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान टीनशेड की दीवार ढह गई, जिससे भीमा आदिवासी (45), उनकी पत्नी सीमा (42) और पुत्रवधू राजवती (24) की मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि हादसे में भीमा का छोटा बेटा रिंकू और सुनस्वाड़ा निवासी विष्णु घायल हो गए। दोनों को पड़ोसी राज्य राजस्थान के बारां जिले के केलवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि दूसरी घटना श्योपुर शहर में हुई, जहां आंधी के दौरान नियंत्रण खो बैठे एक ऑटो-रिक्शा ने सड़क किनारे बैठी एक महिला को टक्कर मार दी। इस हादसे में भरोसी बाई बैरागी (70) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मालवीय ने बताया कि महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और दोनों मामलों की जांच की जा रही है।
भाषा सं दिमो खारी
खारी