Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

ओमान तट के पास जहाजों पर हमला : भारत ने अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया

नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) भारत ने शुक्रवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी जेसन मीक्स को तलब किया और उन्हें बताया कि ओमान के तट के निकट भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सेना के “घातक और जानलेवा” हमले अस्वीकार्य हैं।

भारत ने कहा कि ये हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।

सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा था कि अमेरिकी कार्रवाई में एक टैंकर के भारतीय चालक दल के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को विदेश मंत्रालय के मुख्यालय में तलब किया गया और उन्हें अमेरिका की सैन्य कार्रवाई को लेकर भारत की कड़ी आपत्ति से अवगत कराया गया।

विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (अमेरिका) नागराज नायडू ने मीक्स के समक्ष अमेरिकी हमलों को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

मीक्स को बुधवार की रात भी तलब किया गया था।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘ओमान की खाड़ी में भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले तीन वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी नौसेना के हमलों को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।’’

मंत्रालय ने कहा कि उसने एक बार फिर ‘‘जहाजों पर घातक बल प्रयोग को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। ऐसे कदम अस्वीकार्य हैं और एक संवेदनशील क्षेत्र में इस मुश्किल समय पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।’’

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी से अनुरोध किया गया कि वह भारत की चिंताओं को अपने अधिकारियों तक पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैन्य बल नागरिकों के जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं।’’

भारत ने बृहस्पतिवार को कहा था कि इस सप्ताह ओमान तट के निकट तीन वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी सैन्य बलों के हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई।

यह पहली बार था जब भारत ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि अमेरिकी नौसेना ने भारतीय चालक दल वाले जहाजों को निशाना बनाया था।

भारत ने कहा था कि ये हमले तुरंत रुकने चाहिए।

पलाउ के ध्वज वाले तेल टैंकर ‘मैरीवेक्स’ को आठ जून को अमेरिकी सुरक्षा बलों द्वारा निशाना बनाया गया। इसमें 24 भारतीय नाविक सवार थे। चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया।

अमेरिका ने 10 जून को पलाउ ध्वज वाले एक अन्य टैंकर ‘सेटेबेलो’ पर हमला किया था, जिसमें जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविकों में से तीन की मौत हो गई थी।

बृहस्पतिवार को 20 भारतीय को ले जा रहे गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले जहाज ‘जलवीर’ पर अमेरिकी नौसेना द्वारा हमला किया गया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बृहस्पतिवार को कहा था कि ‘सेटेबेलो’, ‘मैरीवेक्स’ और ‘जलवीर’ पर हमले ‘‘अमेरिकी नौसेना की ओर से किए गये थे।’’

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश