चेन्नई, 12 जून (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई को मजबूत करने, उसके जमीनी स्तर के विस्तार और राज्य में आने वाली राजनीतिक चुनौतियों से निपटने को लेकर विस्तृत चर्चा की। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
शाह ने राष्ट्रीय राजधानी में तमिलनाडु इकाई की कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में हुए राजनीतिक घटनाक्रम भी शामिल थे।
बैठक में शामिल भाजपा के राष्ट्रीय सह-प्रभारी पी. सुधाकर रेड्डी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व के दृष्टिकोण और मार्गदर्शन के साथ, हम एक मजबूत भाजपा के निर्माण और तमिलनाडु की जनता की नए सिरे से समर्पण के साथ सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’
पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष, राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन, प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन और वरिष्ठ नेता एच. राजा उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने बैठक में हिस्सा लिया।
एक सूत्र ने बताया कि शाह ने नेताओं को आश्वासन दिया कि भाजपा ने तमिलनाडु में अपना मूल वोट बैंक नहीं खोया है और उन्होंने राज्य इकाई को हाल के चुनावी परिणामों को हार के बजाय आगे बढ़ने की एक सीढ़ी के रूप में देखने का निर्देश दिया।
भाषा देवेंद्र रंजन
रंजन