Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

दिल्ली में जून का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज, बारिश और आंधी से गर्मी से राहत मिली

नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) दिल्ली में शुक्रवार को बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई, जिससे यह जून का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा।

वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार तक गरज-चमक, बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

सफदरजंग स्थित मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस कम और पिछले दिन की तुलना में 4.1 डिग्री सेल्सियस कम था।

न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस कम और एक दिन पहले की तुलना में 7.2 डिग्री सेल्सियस कम था।

पालम में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस कम और पिछले दिन की तुलना में 4.3 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस कम और पिछले दिन से सात डिग्री सेल्सियस कम था।

लोधी रोड में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम और पिछले दिन की तुलना में 4.7 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम और एक दिन पहले की तुलना में 6.8 डिग्री सेल्सियस कम था।

रिज क्षेत्र में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस कम और पिछले दिन की तुलना में 4.5 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस कम और एक दिन पहले से 7.5 डिग्री सेल्सियस कम था।

आयानगर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस कम और पिछले दिन की तुलना में 4.8 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस कम और एक दिन पहले से 8 डिग्री सेल्सियस कम था।

सफदरजंग में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान 11.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

'स्काईमेट' में मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहा पश्चिमी विक्षोभ अब आगे बढ़ रहा है, लेकिन इसका असर दिल्ली के मौसम पर बना रहेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में शुक्रवार रात और शनिवार को गरज-चमक, धूलभरी आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले दिन भी मौसम की यही स्थिति रह सकती हैं। तापमान बढ़ने के साथ कुछ असहजता हो सकती है, लेकिन आर्द्रता का स्तर भी बढ़ेगा।’’

पलावत ने बताया कि बृहस्पतिवार को आए तूफान के दौरान हवा की गति आमतौर पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रही और कुछ स्थानों पर यह लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।

उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों के बाद मौसम में सुधार होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान फिर से बढ़ेगा।

आईएमडी ने शनिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बारिश से राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ। शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 74 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रहा। एक दिन पहले यह 73 था।

केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई 0 से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप