पणजी, 12 जून (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को पिछले 12 वर्षों में तटीय राज्य के समग्र विकास में योगदान का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार को दिया।
पणजी में पत्रकारों से बात करते हुए सावंत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पर्यटन राज्य गोवा के सभी क्षेत्रों, जिनमें बुनियादी ढांचा भी शामिल है, के विकास में बहुत योगदान दिया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से गोवा में 299 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया गया है और वास्को शहर में बंदरगाह कनेक्टिविटी परियोजना पर 999 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तरी गोवा के मोपा में 1,183 करोड़ रुपये की लागत से हवाई अड्डे से जुड़ने वाली सड़क का निर्माण किया गया है।
उन्होंने कहा कि रेलवे क्षेत्र में 24 किलोमीटर नई पटरियां बिछाई गईं और 164 किलोमीटर लाइनों का विद्युतीकरण किया गया। इसके अलावा दो वंदे भारत रेल मार्गों (मडगांव-मुंबई और मंगलौर-मडगांव) को चालू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मडगांव, सांवोर्देम और वास्को रेलवे स्टेशनों को विश्व स्तरीय विकास के लिए चयनित किया गया है।
सावंत ने बताया कि स्वदेश दर्शन योजना के तहत पर्यटन क्षेत्र में 197 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए जिनका उपयोग फोर्ट अगुआडा और डोना पाउला जेटी के विकास के लिए किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवा में एक राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान स्थापित किया गया है, जिसमें स्थानीय छात्रों के लिए 40 प्रतिशत आरक्षण है। खेल प्रशिक्षण और जल पर्यटन कौशल को बढ़ावा देने के लिए एक और राष्ट्रीय संस्थान स्थापित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गोवा में 302 करोड़ रुपये की लागत से अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना की गई है।
भाषा संतोष माधव
माधव