जम्मू, 12 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास एक कृषि क्षेत्र में मिला तोप का गोला शुक्रवार को बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चलयारी गांव में एक किसान को खेत में काम करते समय यह गोला दिखाई दिया, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की टीम मौके पर पहुंचीं, इलाके की घेराबंदी की और गोले को अपने कब्जे में ले लिया।
अधिकारियों ने बताया कि बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया, जिसने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए गोले को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जहां उसे सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया।
भाषा
राखी पारुल
पारुल