Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

गाजियाबाद के 50 हजार रुपये के इनामी दो अपराधी दक्षिण दिल्ली में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद में एक सनसनीखेज अपहरण एवं हत्या मामले में वांछित 50,000 रुपये के दो इनामी अपराधियों को दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानाकरी दी।

पुलिस ने बताया कि गाजियाबाद के लोनी निवासी आरोपी सौरभ उर्फ भोला उर्फ प्रिंस (25) और गोपाल (23) बृहस्पतिवार देर रात मालवीय नगर में अरबिंदो कॉलेज के पास मुठभेड़ के दौरान पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों ने कहा कि दोनों गाजियाबाद में एक व्यक्ति के कथित अपहरण और हत्या तथा इससे संबंधित अलग-अलग मामलों में वांछित थे और लगभग दो सप्ताह से गिरफ्तारी से बच रहे थे।

अपराध शाखा के अनुसार, खुफिया जानकारी मिली थी कि दोनों दिल्ली में दाखिल हुए हैं और पुरानी दुश्मनी को लेकर कथित तौर पर हत्या की साजिश रच रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अरबिंदो कॉलेज के पास जाल बिछाया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि देर रात दो बजे, पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार संदिग्धों को देखा और उन्हें रुकने का इशारा किया। उन्होंने बताया कि रुकने के बजाय अपराधियों ने भागने का प्रयास किया और अत्याधुनिक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल से पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं।

अधिकारियों ने कहा कि सौरभ ने इटली में बनी .32-बोर की बेरेटा अर्धस्वचालित पिस्तौल से चार गोलियां चलाईं, जबकि गोपाल ने .30-बोर की अर्धस्वचालित पिस्तौल से दो गोलियां चलाईं।

पुलिस ने बताया कि सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सतेंद्र मोहन की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पिस्तौल, चार कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की। इस बाइक की चोरी को लेकर मामला सराय रोहिल्ला थाने में दर्ज है।

जांचकर्ताओं के अनुसार, आरोपी लोनी में अपने पैतृक गांव में हिंसक झगड़े में शामिल थे। पुलिस ने कहा कि गोपाल के भाई की पहले हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद दोनों और उनके साथियों ने कथित तौर पर बदला लेने की साजिश रची।

पुलिस ने कहा कि बदले की साजिश के तहत, उन्होंने सबसे पहले देवांश नाम के एक व्यक्ति पर हमला करने का प्रयास किया, जो भागने में सफल रहा। इसके बाद, उन्होंने देवांश के पिता ओमकार का कथित तौर पर अपहरण कर लिया, उनके साथ मारपीट की, उनकी हत्या कर दी और उनके शव को गंग नहर में फेंक दिया।

देवांश पर हमले और ओमकार के अपहरण तथा हत्या से संबंधित दो मामलों की जांच गाजियाबाद पुलिस कर रही है।

भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल

नेत्रपाल