नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) दिल्ली के द्वारका में जनगणना महिला कर्मी को उसकी आधिकारिक ड्यूटी के दौरान परेशान करने के आरोपी 43 वर्षीय व्यक्ति को शुक्रवार को एक अदालत ने दोषी ठहराया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
द्वारका उत्तर थाने में 19 मई को एक शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में कहा गया था कि एक व्यक्ति ने एक जनगणना कर्मी के साथ तब दुर्व्यवहार किया जब वह जनगणना से संबंधित कार्य कर रही थीं।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी भाग गया लेकिन जांच के दौरान उसका पता लगा लिया गया और उसे पकड़ लिया गया। उसे 20 मई को गिरफ्तार किया गया और उसी दिन अदालत में पेश किया गया।
इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘प्राथमिकी दर्ज होने के 40 घंटे के भीतर 21 मई को अदालत के समक्ष आरोपपत्र दायर किया गया। जांचकर्ताओं ने मामले में शीघ्र सुनवाई का भी अनुरोध किया था।’’
आरोपी की पहचान पश्चिमी दिल्ली के विपिन गार्डन निवासी संदीप पंवार के रूप में हुई, जिसे अदालत ने शुक्रवार को दोषी ठहराया।
भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल