नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने शुक्रवार को निर्वाचन आयोग के नोडल मीडिया अधिकारियों से कहा कि चुनाव संबंधी संचार सरल, तथ्यों पर आधारित और कानूनी रूप से सही होने के साथ-साथ समय पर जारी किया जाना चाहिए।
कुमार ने कहा कि चार राज्यों और एक केंद्र-शासित प्रदेश में हाल में हुए चुनावों में आजादी के बाद से जनता की अभूतपूर्व भागीदारी देखी गई।
सीईसी सभी 36 राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए आयोजित एक दिवसीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू ने इस बात पर जोर दिया कि संचार में सिर्फ जानकारी देने के बजाय असर का भी जिक्र किया जाना चाहिए।
निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने आयोग के नियमों, निर्देशों और परामर्श को आम जनता तक आसानी से समझ में आने वाले तरीके से पहुंचाने में अधिकारियों की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में चुनाव प्रक्रिया के दौरान संचार रणनीति पर आधारित सत्र शामिल थे। इसमें मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के डिजिटल मंच ईसीआईएनईटी जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
भाषा पारुल नेत्रपाल
नेत्रपाल