Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

भाजपा कार्यक्रम में राज्यपालों की मौजूदगी पर डोटासरा ने उठाए सवाल

जयपुर, 12 जून (भाषा) कांग्रेस की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यक्रम में दो राज्यपालों की मौजूदगी पर शुक्रवार को सवाल उठाते हुए इसे संवैधानिक मर्यादा और निष्पक्षता के विपरीत बताया।

डोटासरा ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की भागीदारी गंभीर चिंताएं पैदा करती है।

भाजपा किसान मोर्चा की ओर से शुक्रवार को जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया था।

डोटासरा ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की मौजूदगी संवैधानिक मर्यादा और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राज्यपाल संविधान के निष्पक्ष प्रहरी होते हैं, किसी राजनीतिक दल के प्रचारक नहीं। भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम में संवैधानिक पदों का इस तरह इस्तेमाल लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।’’

कार्यक्रम पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘विडंबना यह है कि किसानों के नाम पर आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री शामिल नहीं हुए। सरकार को यह भी बताना चाहिए कि यदि किसानों के हितों को लेकर वह इतनी गंभीर थी, तो कृषि मंत्री को कार्यक्रम से दूर क्यों रखा गया?’’

डोटासरा ने आरोप लगाया कि हाल में हुई छापेमारी के बाद सामने आए कथित भ्रष्टाचार के मामलों के कारण सरकार ने कृषि मंत्री से ‘‘दूरी बना’’ ली है।

उन्होंने इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री से जवाब देने की मांग की।

भाषा पृथ्वी खारी

खारी