जयपुर, 12 जून (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) को राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ा होना होगा।
गहलोत ने यह टिप्पणी ‘इंडिया’ के नेताओं की सोमवार को हुई बैठक में राहुल गांधी द्वारा दिए गए भाषण के संदर्भ में की जिसमें राहुल गांधी ने गठबंधन के नेताओं से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा था कि ‘‘यदि हम एकजुट होकर मुकाबला करें, तो भाजपा को हराना आसान होगा।’’
गहलोत ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा, ‘‘राहुल गांधी द्वारा ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में दिया गया भाषण केवल विपक्षी दलों को एकजुट करने का संदेश नहीं था, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के सामने खड़ी चुनौतियों को लेकर एक स्पष्ट चेतावनी भी था।’’
उन्होंने कहा कि बैठक में राहुल गांधी द्वारा रखे गए विचारों से वह पूरी तरह सहमत हैं।
गहलोत ने कहा, ‘‘मैंने भी कल यही अपील की थी कि ‘इंडिया’ गठबंधन को राहुल गांधी के नेतृत्व में यह लड़ाई लड़नी चाहिए। आज मैं फिर यही कहता हूं कि आरएसएस-भाजपा से लड़ने के लिए ‘इंडिया’ गठबंधन को राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ा होना होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि राहुल गांधी ने कहा, यदि हम सभी एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करें, तो उसे आसानी से हराया जा सकता है।’’
भाषा पृथ्वी खारी
खारी