Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

गुरुग्राम में तेज रफ्तार बस ने राहगीरों को कुचला, एक की मौत

गुरुग्राम, 12 जून (भाषा) हरियाणा परिवहन निगम की एक तेज रफ्तार बस ने शुक्रवार को सेक्टर-37 क्षेत्र में चार राहगीरों को कुचल दिया और कई खड़े वाहनों में टक्कर मार दी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई अन्य को चोट आई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस के कारण वहां अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।

इस दौरान भीड़ ने बस पर पथराव भी किया।

घटना के बाद बस चला रहा प्रशिक्षु चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार बस की चपेट में आए एक व्यक्ति की पहिये से कुचले जाने के कारण मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने कहा कि मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी रवि सरकार (55) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, भारी वाहन का लाइसेंस प्राप्त करने के लिए एक प्रशिक्षु चालक हरियाणा परिवहन की बस में प्रशिक्षण ले रहा था।

परिवहन प्रशिक्षण प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि नए चालकों को प्रशिक्षण देने के लिए बस को डिपो से बाहर निकाला गया था।

उन्होंने कहा, ‘‘बस निरीक्षक विद्यानंद की निगरानी में निर्धारित मार्ग पर बस चलाई जा रही थी। इसी दौरान सेक्टर-37 के पास यह हादसा हुआ। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जांच की जा रही है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुई।’’

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘बस को कब्जे में ले लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।’’

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश