नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में तीनों सरकारें मिल कर काम कर रही हैं और इस तरह दिल्ली के विकास में आने वाली कई रुकावटों को हटाया जा रहा है।
रेखा ने कहा कि लाइसेंसिंग प्रक्रिया से पुलिस की अनिवार्यता को, पिछले साल केंद्र के माध्यम से खत्म किया गया।
उन्होंने ज़ोर दिया कि नियमों का पालन किया जाना चाहिए और जो कोई भी नियमों का पालन नहीं करेगा, वह उसका खामियाजा भुगतेगा।
केंद्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार के 12 साल पूरे होने पर यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के साथ प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तीनों सरकारें ( केंद्र, दिल्ली, एमसीडी) मिल कर काम करती हैं, तो बहुत सी रुकावटें हट जाती हैं।
गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार, दिल्ली नगर निगम और दिल्ली विकास प्राधिकरण के कामकाज को ज्यादा व्यवस्थित, आसान और बेहतर तालमेल वाला बनाया जा रहा है, ताकि काम तेजी से और बिना रुकावट के हो।
गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार ने जीटीबी अस्पताल में 200 करोड़ रुपये की लागत से ट्रॉमा सेंटर बनाने को मंजूरी दी है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने कुछ समय पहले एक केंद्रीय विद्यालय को मंजूरी दी थी तथा और केंद्रीय विद्यालय को मंजूरी दिलाने की कोशिशें जारी हैं।
मोदी ने 10 जून को सबसे लंबे समय तक देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया और इसी के साथ केंद्र में भाजपा सरकार 12 साल पूरे हो गए।
गुप्ता ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत परिवर्तन की एक ‘‘ऐतिहासिक’’ यात्रा पर अग्रसर रहा है।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं और देश के 140 करोड़ लोगों का उन पर अटूट विश्वास कायम हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने शहरी परिवहन के क्षेत्र में परिवर्तन की नई परिभाषा गढ़ी है। पिछले 14 वर्षों में मेट्रो रेल नेटवर्क का विस्तार बढ़कर 1,000 किलोमीटर से अधिक हो गया है।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा विमानन बाजार बनकर उभरा है और डिजिटल परिवर्तन को भी गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के कारण इस अवधि में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में छह गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में रक्षा औद्योगिक गलियारों की स्थापना की गई तथा भारत अब 100 से अधिक देशों को रक्षा सामग्री का निर्यात कर रहा है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण तथा वाराणसी, केदारनाथ और उज्जैन में धार्मिक गलियारों के पुनर्विकास से सांस्कृतिक विरासत को भी बढ़ावा मिला है।
मुख्यमंत्री ने यमुना की सफाई, बुनियादी ढांचे और परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए केंद्र सरकार से दिल्ली को प्राप्त धनराशि का भी उल्लेख किया।
गुप्ता ने कहा, 'पिछले 12 वर्षों में, दिल्ली में भारत मंडपम, प्रगति मैदान इंटीग्रेटेड ट्रांजिट कॉरिडोर और सुरंग परियोजना और आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक लगभग 10 किलोमीटर के नए मेट्रो कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई।'
उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली को अब तक 4550 इलेक्ट्रिक बसें दिलाई जा चुकी है और ‘पीएम ई ड्राइव’ के तहत 6130 बसों की मंजूरी दिल्ली को देने का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “दिल्ली में सिर्फ पीएम उज्जवला योजना के तहत 2.75 लाख कनेक्शन दिए गए, स्वनिधिन योजना के अंतर्गत दो लाख रेहड़ी पटरी वालों को कर्ज देने का काम किया गया है, आयुष्मान योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज हो रहा है और सिर्फ एक साल में 43000 लोगों का इलाज हो चुका है।”
उनके मुताबिक, अबतक 370 आरोग्य मंदिर बन चुके हैं और इन्हें केन्द्र सरकार की मदद से 1100 तक ले जाने का लक्ष्य है और 11 बड़ी प्रयोगशाला भी बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि 200 करोड़ रुपये की लागत से जीटीबी अस्पताल में ट्रामा सेंटर बनाने का भी काम चल रहा है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग तथा कॉरपोरेट कार्य राज्य मंत्री का पदभार संभाल रहे मल्होत्रा ने कहा कि यह गर्व की बात है कि मोदी देश के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले 12 वर्षों में समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेष रूप से कमजोर तबकों के कल्याण के लिए काम किया है और उनका उत्थान सुनिश्चित किया है।
मल्होत्रा ने पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताने के लिए भाजपा के जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कुलपति योगेश सिंह से मुलाकात की।
मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली भाजपा जल्द ही पिछले 12 वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार की उपलब्धियों और दिल्ली सरकार के 15 महीने के कार्यकाल की उपलब्धियों को बताने के लिए एक जन जागरूकता अभियान शुरू करेगी।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन