(तस्वीर के साथ)
देहरादून, 12 जून (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के तहत देहरादून पहुंचीं और राष्ट्रपति आशियाना परिसर में स्थित अत्याधुनिक ‘राष्ट्रपति उद्यान’ में जारी कार्यों की समीक्षा की।
उनके आगमन पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जॉली ग्रांट हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंद बर्धन और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ भी उपस्थित थे।
शनिवार को राष्ट्रपति ‘भारतीय सैन्य अकादमी’ (आईएमए) में 158वें नियमित पाठ्यक्रम और 141वें तकनीकी स्नातक पाठ्यक्रम की ‘पासिंग आउट परेड’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
इस बीच मुर्मू ने अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिए राष्ट्रपति आशियाना परिसर का दौरा किया जो 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है।
हरियाली, स्वास्थ्य, पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाई गई इस परियोजना में एक थीम पार्क, एक कैफेटेरिया, एक फूड कोर्ट और 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग और वॉकिंग ट्रैक शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि इस परिसर में 840 मीटर लंबा पैदल मार्ग, एक योग मंडप, दर्शनीय स्थल और जलप्रपात डेक, एक खेल क्षेत्र और 800 लोगों की बैठने की क्षमता वाला एक खुला रंगमंच भी शामिल होगा। तीन मुख्य प्रवेश द्वार और एक पार्किंग सुविधा का निर्माण कार्य वर्तमान में चल रहा है।
मुर्मु ने 20 जून, 2025 को राष्ट्रपति तपोवन और राष्ट्रपति निकेतन का उद्घाटन करने के साथ ही इस परियोजना की आधारशिला रखी थी।
भाषा
संतोष माधव
माधव