गुवाहाटी, 12 जून (भाषा) असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने राज्य की 16वीं विधानसभा का बजट सत्र छह जुलाई से आहूत किया है। इस संबंध में शुक्रवार को एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई।
अधिसूचना के अनुसार, बजट सत्र छह जुलाई को सुबह साढ़े नौ बजे शुरू होगा और 21 दिनों तक चलेगा।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पिछले सप्ताह कहा था कि बजट सत्र के दौरान पूर्ण बजट पारित होने के बाद एक अगस्त से सभी विकास योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा था कि चुनावों के कारण पूर्ण बजट के बजाय केवल लेखानुदान (वोट-ऑन-अकाउंट) ही पारित किया जा सका था, जिसके परिणामस्वरूप विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाना शुरू नहीं हो सका।
नवनिर्वाचित विधानसभा का पहला सत्र 21 मई से चार दिनों तक चला था। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव हुआ, नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ग्रहण की और सदन की अन्य कार्यवाहियों के साथ समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक भी पारित किया गया।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश