पिथौरागढ़ (उत्तराखंड), 12 जून (भाषा) उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में डर्मा घाटी में शुक्रवार को एक एसयूवी पर विशालकाय पत्थर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह हादसा सोबला-धाकर रोड पर पांगबावे में तब हुआ जब पीड़ित पंचचुली आधार शिविर से लौट रहे थे।
धारचूला के उप-संभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) आशीष जोशी ने बताया कि पीड़ित राजस्थान के कोटा से आए नौ तीर्थयात्रियों के एक समूह का हिस्सा थे। उसी समूह के चार सदस्य, जो दूसरी गाड़ी में यात्रा कर रहे थे, सुरक्षित बच गए।
धारचूला के थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद, स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल की टीमें और राजस्व विभाग के कर्मचारी घायलों को बचाने और शवों को निकालने के लिए मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, आशंका है कि पिछले 24 घंटों में इलाके में हुई बारिश की वजह से मिट्टी ढीली हो गई हो और इसी कारण पत्थर नीचे लुढ़क आए हों।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान धारचूला के रहने वाले वाहन चालक सुरेंद्र सिंह गरबियाल (37) और राजस्थान के कोटा के रहने वाले केशव खंडेलवाल (15) के रूप में की गई है।
भाषा राखी रंजन
रंजन