भुवनेश्वर, 12 जून (भाषा) दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने शुक्रवार को उत्तरी ओडिशा के कुछ हिस्सों में दस्तक दी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
विभाग ने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में मॉनसून के ओडिशा के अन्य हिस्सों में पहुंचने के लिए हालात अनुकूल हैं।
आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, “दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 12 जून को ओडिशा पहुंच गया। इसने जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर और मयूरभंज जिले के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी।”
मोहंती ने बताया कि शनिवार को बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, क्योंझर, मयूरभंज, नबरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी और गजपति में आंधी के साथ बारिश होने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि शनिवार को नबरंगपुर, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी और गजपति के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। बुलेटिन में इन जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ (कार्रवाई के लिए तैयार रहने की चेतावनी) जारी किया गया है।
आईएमडी ने शुक्रवार को सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बारगढ़, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल, ढेंकनाल, सोनपुर, बौध, नुआपाड़ा, बोलांगीर, कालाहांडी, कंधमाल, गंजम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ में आंधी, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।
विभाग ने कहा कि शनिवार को बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, गजपति, गंजम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ सहित कई जगहों पर गर्मी और उमर भरी स्थिति बनी रहेगी।
भाषा पारुल धीरज
धीरज