(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 12 जून (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज जलडमरूमध्य से निकलने वाले भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमला करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि यह ‘‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’’ है।
इस हफ्ते ओमान के तट के नजदीक भारतीय चालक दल सदस्य वाले तीन जहाजों पर हमले हुए। इनमें से एक हमले में बुधवार को तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई।
ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कल रात होर्मुज जलडमरूमध्य से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ईरान के ड्रोन हमले को पूरी तरह से नाकाम कर दिया गया। यह हरकत पूरी तरह से अस्वीकार्य है।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इसी पोस्ट में ईरान पर शांति समझौते की उन शर्तों को मीडिया में लीक करने का आरोप भी लगाया, जिनका बातचीत में शामिल मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं है।
ओमान तट के पास भारतीय नागरिकों को ले जा रहे वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी हमलों के विरोध में भारत द्वारा नयी दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी को तलब किए जाने के बाद ट्रंप की ये टिप्पणी आई।
भारत ने वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों को ‘‘बेहद चिंताजनक’’ बताया है और इस मामले को अमेरिका के सामने सख्ती से उठाया।
भाषा धीरज माधव
माधव