कोलकाता, 12 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की एक टीम शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास पर गई, ताकि राज्य में एक चुनावी रैली के दौरान उनकी कथित भड़काऊ टिप्पणियों की जांच के सिलसिले में नोटिस तामील कराया जा सके। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सीआईडी की टीम दोपहर में यहां बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची, लेकिन उस वक्त डायमंड हार्बर के सांसद वहां मौजूद नहीं थे।
बनर्जी जांच एजेंसी की टीम के पहुंचने से थोड़ी देर पहले ही आवास से निकल चुके थे।
परिवार के सदस्यों और कार्यालय के कर्मचारियों ने सीआईडी के अधिकारियों को बताया कि वह पार्टी प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर एक बैठक में शामिल होने गए हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में पार्टी के नेता विपक्ष के चयन से जुड़े फर्जी हस्ताक्षर मामले में बृहस्पतिवार को कोलकाता में सीआईडी मुख्यालय में अभिषेक बनर्जी से लगभग छह घंटे पूछताछ की गई थी।
यह मामला उनके द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए बयानों पर दर्ज की गई शिकायत से संबंधित है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘यह शिकायत शुरुआत में बागुईआटी पुलिस थाने में दर्ज की गई थी और बाद में इसकी जांच बिधाननगर साइबर अपराध थाने द्वारा की गई और इसके बाद इसे सीआईडी को सौंप दिया गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जांच नियमानुसार की जा रही है। मामले के संबंध में एक नोटिस तामील कराया जाना था और उसी उद्देश्य से अधिकारी आवास पर गए थे।’’
भाषा
देवेंद्र रंजन
रंजन