Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

मप्र : औद्योगिक निवेश क्षेत्र के विरोध में पथराव, तीन पुलिसकर्मी घायल

रतलाम, 12 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में प्रस्तावित औद्योगिक निवेश क्षेत्र के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंचे सरकारी दल पर शुक्रवार को ग्रामीणों ने पथराव कर दिया जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया और आंसू गैस के गोले छोड़े गए।

नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया कि पलसोड़ी में प्रस्तावित औद्योगिक निवेश क्षेत्र के लिए शासकीय कार्य किया जा रहा था और कुछ ग्रामीण इसका विरोध कर रहे थे।

उन्होंने कहा, “प्रशासनिक आधिकारियों द्वारा समझाए जाने पर कुछ लोग शुरुआत में वहां से हट गए थे, लेकिन अन्य लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करके स्थिति को नियंत्रित किया।”

दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि ग्रामीणों के पथराव में तीन पुलिसकर्मियों के सिर, हाथों और पैरों में चोट आई।

उन्होंने बताया कि घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया और उनकी हालत स्थिर है।

अधिकारियों ने बताया कि पथराव के बाद करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया गया और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) द्वारा रतलाम के पास मेगा इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जा रहा है। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्र में सरकारी भूमि पर विकास कार्य प्रस्तावित हैं।

उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि पर लंबे समय से ग्रामीणों का कब्जा रहा है और इस कारण कुछ लोग परियोजना का विरोध कर रहे हैं।

भाषा सं हर्ष खारी

खारी