चंडीगढ़, 12 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने शुक्रवार को स्वर्ण मंदिर परिसर में शहीद बाबा गुरबख्श सिंह जी के स्थान पर बेअदबी की कोशिश की निंदा की, जहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर गुरुग्रंथ साहिब के सामने रखी ‘श्री साहिब’ (कृपाण) उठा ली थी।
यह घटना बुधवार रात को हुई, जब अखंड पाठ के दौरान एक व्यक्ति पहुंचा और गुरु ग्रंथ साहिब की परिक्रमा करने के बाद, उसने अचानक उसके सामने रखी ‘श्री साहिब’ उठा ली।
हालांकि, गुरुद्वारे में मौजूद सेवादारों ने उस व्यक्ति पर काबू पा लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी अभी पुलिस की हिरासत में है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आर.पी. सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ये घटना सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं पर सीधा हमला है।
सिंह ने पंजाब सरकार और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से एक पारदर्शी, समयबद्ध एवं व्यापक जांच करने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना से सीधे या परोक्ष रूप से जुड़े हर व्यक्ति की पहचान की जानी चाहिए और उसे सजा मिलनी चाहिए। सच जनता के सामने आना चाहिए और जवाबदेही सिर्फ निचले स्तर तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए।’’
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने सरकार से ‘‘असली षड्यंत्रकारी को तुरंत गिरफ़्तार करने’’ की मांग की।
बादल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं इस घटना की कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करता हूं और सरकार से मांग करता हूं कि वह इस साज़िश के पीछे के असली दोषियों को तुरंत गिरफ़्तार करे और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित करे।’’
शिअद और भाजपा ने कहा कि पंजाब की भगवंत मान सरकार को भी जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
भाषा शफीक रंजन
रंजन