Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

मीशो 202 करोड़ रुपये में किराना क्लब का अधिग्रहण करेगी

नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) ई-कॉमर्स कंपनी मीशो व्यापारियों के बीच कारोबार (बी2बी) से जुड़े मंच ‘किराना क्लब’ का लगभग 202 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

मीशो ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी के निदेशक मंडल ने सिंगापुर में पंजीकृत किराना क्लब प्राइवेट लिमिटेड और उसकी भारतीय अनुषंगी कंपनी ‘रिटेल पल्स लैब्स प्राइवेट लिमिटेड (आरपीएलपीएल) में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने को मंजूरी दे दी है।

कंपनी के अनुसार, यह अधिग्रहण 31 मार्च, 2027 तक या उससे पहले तीन चरणों में पूरा किया जाएगा।

कंपनी ने कहा, “मीशो लिमिटेड के निदेशक मंडल ने सिंगापुर के कानूनों के तहत स्थापित ‘किराना क्लब प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी की 100 प्रतिशत शेयर पूंजी और भारत के कानूनों के तहत बनी ‘किराना क्लब’ की मौजूदा अनुषंगी कंपनी ‘रिटेल पल्स लैब्स प्राइवेट लिमिटेड’ की 0.41 प्रतिशत शेयर पूंजी के अधिग्रहण को मंज़ूरी दी है। यह खरीद कुल 2,02,08,52,202.40 रुपये की कीमत पर तीन किस्तों में की जाएगी।”

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इस अधिग्रहण से ई-वाणिज्य परिवेश में उसकी मौजूदगी और क्षमताओं को मजबूती मिलेगी।

अधिग्रहण के बाद किराना क्लब, मीशो समूह की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी के रूप में स्वतंत्र रूप से काम करती रहेगी।

मीशो के चेयरमैन, प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विदित आत्रे ने कहा, ‘‘किराना क्लब ने कम परिसंपत्ति वाले और समुदाय-आधारित मॉडल के जरिए छोटे खुदरा कारोबारियों के बीच गहरा भरोसा स्थापित किया है। हमें भारत के कम सेवा-प्राप्त बाजारों में किराना दुकानों के लिए पहुंच, पारदर्शिता और उत्पाद खोज को मजबूत करने के बड़े अवसर दिखाई देते हैं। साथ ही इसे देशभर के सभी प्रकार के बी2बी खुदरा कारोबार तक विस्तारित किया जा सकता है।’’

मोबाइल आधारित मंच किराना क्लब की शुरुआत 2020 में हुई थी। यह मंच मुख्य रूप से मझोले, छोटे शहरों, कस्बों (टियर-2 से टियर-4) और ग्रामीण इलाकों के छोटे खुदरा कारोबारियों को तेजी से बिकने वाले उपभेक्ता वस्तुओं को सीधे ब्रांड से खोजने, उनकी तुलना करने और ऑर्डर करने की सुविधा देता है। इस मंच से वर्तमान में 41 लाख से अधिक पंजीकृत खुदरा कारोबारी जुड़े हैं।

भाषा यासिर रमण

रमण