Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

सुगाथन को हरसंभव कानूनी सहायता देगी भाजपा : राजीव चंद्रशेखर

तिरुवनंतपुरम, 12 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी अपने गिरफ्तार पार्षद सुगाथन को हरसंभव सहयोग और कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी।

सुगाथन को हाल ही में राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम से नाटकीय घटनाक्रम के बीच गिरफ्तार किया गया था।

वझोट्टुकोणम वार्ड से तिरुवनंतपुरम निगम के पार्षद सुगाथन के खिलाफ की गई कार्रवाई को ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ करार देते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि पार्टी उन्हें ‘‘पुलिस तंत्र के इस खुले दुरुपयोग’’ से बचाएगी।

भाजपा की केरल इकाई के अध्यक्ष ने फेसबुक पर एक पोस्ट में दावा किया कि उनकी पार्टी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की तरह नहीं है, जो अपने नेताओं से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पूछताछ किए जाने पर हिंसा और तोड़फोड़ का सहारा लेती है।

नेमोम विधानसभा क्षेत्र से विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा कानून के शासन और संविधान का सम्मान करती है तथा सुगाथन के खिलाफ की गई कार्रवाई का कानूनी तरीके से सामना करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने कार्यकर्ताओं या जनप्रतिनिधियों का परित्याग नहीं करेंगे।’’

चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक तंत्र और कानून का दुरुपयोग कर भाजपा को निशाना बनाने के मामले में माकपा और कांग्रेस दोनों एक जैसी हैं।

वट्टियूरकावु की पार्षद और केरल की पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आर श्रीलेखा ने भी अपने पार्टी सहयोगी सुगाथन के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की आलोचना की।

श्रीलेखा ने फेसबुक पर एक पोस्ट में दावा किया कि वट्टियूरकावु क्षेत्र में विभिन्न कथित अवैध गतिविधियों पर सवाल उठाने के कारण माकपा नेताओं के निर्देश पर पुलिस ने सुगाथन के खिलाफ कई मामले दर्ज किए और उन्हें अपराधी के रूप में पेश किया।

उन्होंने कहा, ‘‘लोग यह बात जानते थे और इसी कारण उन्होंने स्थानीय निकाय चुनाव में उन्हें वोट दिया।’’

श्रीलेखा ने यह भी दावा किया कि केरल में सरकार बदलने के बावजूद स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है और आज भी पुलिस, जिला प्रशासन तथा अन्य अधिकारी माकपा के ‘गुलाम’ की तरह काम कर रहे हैं।

सुगाथन को केरल असामाजिक गतिविधियां (निवारण) अधिनियम (कापा) के तहत निरोधात्मक हिरासत का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें मंगलवार रात राज्य की राजधानी स्थित उनके घर से नाटकीय घटनाक्रम के बीच गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस को गिरफ्तारी के दौरान एकत्र भीड़ को तितर-बितर करने और हिंसा रोकने के लिए हवा में गोलीबारी करनी पड़ी थी।

सुगाथन को मंदिर उत्सव से जुड़े एक कथित मारपीट मामले में केरल उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत देने से इनकार किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का दावा है कि भाजपा समर्थकों द्वारा घेर लिए जाने के कारण उसे हवा में गोलीबारी करनी पड़ी, वहीं सुगाथन के परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने उनकी पत्नी और बच्चों के साथ भी अत्यधिक बल प्रयोग किया।

वहीं, राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि रेल मंत्रालय ने नेमोम टर्मिनल परियोजना के मास्टर प्लान की समीक्षा करने और इसके दूसरे तथा तीसरे चरणों को एक साथ लागू करने का निर्णय लिया है।

एक 'फेसबुक' पोस्ट में नेमोम के विधायक चंद्रशेखर ने परियोजना में तेजी लाने के अपने अनुरोध पर विचार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मूल मास्टर प्लान में किए गए बदलावों के कारण परियोजना के दूसरे और तीसरे चरण वर्षों से लंबित थे।

भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश

पवनेश