नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) विमान दुर्घटना की जांच करने वाली एजेंसी एएआईबी ने शुक्रवार को कहा कि पिछले साल अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट, जांच से जुड़ी सभी गतिविधियों, जरूरी अंतरराष्ट्रीय समीक्षा और परामर्श की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जारी की जाएगी।
एअर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान हादसे की पहली बरसी पर, विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने कहा कि विमान प्रणालियों, फ्लाइट रिकॉर्डर के आंकड़ों, इंजन से जुड़े कल-पुर्जों, रखरखाव और परिचालन रिकॉर्ड समेत अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। हादसे में विमान में सवार लोगों और जमीन पर मौजूद 19 लोगों सहित कुल 260 लोगों की मौत हो गई थी।
एएआईबी ने अहमदाबाद में एआई 171 विमान हादसे की जांच में हुई प्रगति पर शुक्रवार को एक अंतरिम बयान जारी किया। इसने मीडिया और आम जनता समेत सभी संबंधित पक्षों से जांच जारी रहने के दौरान अटकलें लगाने या जल्दबाजी में किसी नतीजे पर पहुंचने से बचने की अपील की।
एएआईबी ने जांच पूरी होने और अंतिम रिपोर्ट जारी करने के लिए किसी संभावित समय-सीमा का ज़िक्र नहीं किया।
जांच एजेंसी के अनुसार, किसी विमान दुर्घटना की जांच का एकमात्र उद्देश्य उससे सबक हासिल कर विमानन सुरक्षा को और मजबूत बनाना तथा आवश्यक सुरक्षा संबंधी सिफारिशें करना है, न कि जिम्मेदारी तय करना अथवा दोषारोपण करना।
बयान में कहा गया, ‘‘एएआईबी स्वतंत्र, निष्पक्ष और सबूतों पर आधारित जांच करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जांच से जुड़ी सभी गतिविधियों और आईसीएओ (अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन) के निर्देशों के तहत ज़रूरी अंतरराष्ट्रीय समीक्षा एवं परामर्श की प्रक्रिया के पूरा होने के बाद अंतिम रिपोर्ट जारी की जाएगी।’’
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश