जयपुर, 12 जून (भाषा) राजस्थान के जयपुर में संविदा पर काम करने वाले एक नर्सिंग कर्मी ने काम से हटाए जाने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, युवक की पहचान दीपक खारवाल (25) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दीपक सांगानेरी गेट के पास जनाना अस्पताल में तैनात था और एसएमएस मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों से हाल ही में हटाए गए संविदा कर्मचारियों में शामिल था।
साथी कर्मचारियों के अनुसार, संविदा कर्मचारी काम से हटाए जाने के विरोध में पिछले दो-तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे और शुक्रवार सुबह वे एसएमएस मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रदर्शन कर रहे थे, जहां दीपक भी मौजूद था।
उन्होंने बताया कि इसके कुछ ही देर बाद वह अपने कमरे में गया, जहां उसने कथित तौर पर जहर खा लिया।
कर्मचारियों ने बताया कि जब वे उससे मिलने गए तो दरवाजा अंदर से बंद था और कई बार आवाज देने पर भी उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
उन्होंने बताया कि जब वे कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए तो दीपक बेहोश मिला।
अधिकारियों ने बताया कि उसे तुरंत एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद नर्सिंग कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन और तेज कर दिया, जिससे अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं लगभग आधे घंटे तक बाधित रहीं।
पुलिस ने बाद में मामले में दखल दिया और सेवाएं सामान्य कराईं।
विधायक रफीक खान और अमीन कागजी सहित कांग्रेस के कई नेताओं ने अस्पताल का दौरा किया।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफ, काम से हटाए गए कर्मचारियों की बहाली और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
भाषा पृथ्वी जितेंद्र
जितेंद्र