नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में तस्करी कर लाई गई 71 लाख विदेशी सिगरेट जब्त की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 14 करोड़ रुपये है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
वित्त मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार मई 2026 से डीआरआई द्वारा पूर्वोत्तर क्षेत्र में चलाए गए अभियानों के दौरान विदेशी मूल की तस्करी की गई 71 लाख सिगरेट जब्त की गई हैं।
प्रमुख अभियानों में से एक में डीआरआई ने 11 जून को मिजोरम में ‘मॉन्ड’, ‘एक्सएसओ’, ‘ओरिस’ और ‘पैट्रन’ ब्रांड की 45 लाख से अधिक सिगरेट जब्त कीं। यह अभियान असम राइफल्स की 34वीं बटालियन की सहायता से चलाया गया था।
बयान में कहा गया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि इन सिगरेटों की तस्करी भारत-म्यांमा सीमा के जोखावथार सेक्टर के रास्ते म्यांमा से भारत में की गई थी।
वित्त मंत्रालय ने बताया कि पिछले कुछ सप्ताह के दौरान चलाए गए अन्य अभियानों में भी इसी प्रकार की 26 लाख सिगरेट जब्त की गई हैं तथा तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बयान के अनुसार, तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव