Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

मप्र: भोपाल में पटाखे के गोदाम में लगी भीषण आग के बाद अब भी उठ रहा धुआं, दमकल कर्मी तैनात

भोपाल, 12 जून (भाषा) मध्यप्रदेश के भोपाल में पटाखे की दुकान सह गोदाम में बृहस्पतिवार देर रात लगी भीषण आग के बाद मलबे से अब भी धुआं उठ रहा है और एहतियात के तौर पर दमकल विभाग के कर्मी घटनास्थल पर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि हलालपुरा क्षेत्र में घटनास्थल पर तीन दमकल वाहन तैनात हैं और कर्मचारी बारी-बारी से सुलगते मलबे पर पानी का छिड़काव कर रहे हैं।

उन्हें आशंका है कि मलबे के नीचे दबे कुछ पटाखे अत्यधिक गर्मी के कारण दोबारा आग पकड़ सकते हैं।

चिंता की बात यह भी है कि जिस इमारत में आग लगी उससे कुछ ही दूरी पर दो पेट्रोल पंप स्थित हैं।

बैरागढ़ रोड स्थित इस पटाखे के गोदाम में बृहस्पतिवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे भीषण आग लग गई थी।

आग लगने के बाद लगातार विस्फोट हुए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और बड़े स्तर पर अग्निशमन अभियान चलाना पड़ा।

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल वाहन चालक सुनील यादव ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘मैं सुबह चार बजे के कुछ देर बाद यहां पहुंचा था और तब से यहीं हूं। स्थान की संवेदनशीलता को देखते हुए 24 घंटे तक तीन पानी के टैंकर यहां तैनात रहेंगे।’’

घटनास्थल पर जली हुई लोहे की चादरें, काली पड़ चुकी दीवारें और राख के ढेर दिखाई दे रहे थे, जो आग की भयावहता बयां कर रहे थे।

मौके पर दुकान के मालिक सतीश सोनी भी मौजूद थे और राख में मिले अपने कारोबार को खामोशी से देख रहे थे।

आग लगने के कारण के बारे में पूछे जाने पर स्पष्ट रूप से व्यथित दिख रहे सोनी ने केवल इतना कहा, ‘‘मुझे नहीं पता’’ और वहां से चले गए।

उनके कर्मचारी भी पास ही खड़े थे और उनके चेहरों पर भविष्य को लेकर चिंता साफ झलक रही थी।

सड़क के दूसरी ओर यातायात सामान्य होने लगा था लेकिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों के पीछे खड़े होकर नुकसान का जायजा लेते नजर आए।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि आग लगने के बाद हुए तेज धमाकों से उनकी नींद खुल गई थी।

घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर रहने वाले मंगल अधिकारी ने कहा, ‘‘तेज धमाकों की आवाज सुनकर मेरी नींद खुली। खिड़की से देखा तो धुएं का बड़ा गुबार उठ रहा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं तुरंत मौके पर पहुंचा। पटाखों के लगातार फटने और चारों ओर उड़ने के कारण दमकलकर्मी दूर से ही पानी की बौछार कर रहे थे।’’

घटनास्थल से कुछ दूरी पर हलालपुरा का पटाखा बाजार स्थित है, जहां नौ दुकानें हैं।

वहां के दुकानदार और कर्मचारी भी घटना को लेकर चिंतित दिखाई दिए।

सफाई कर्मचारी वीरेंद्र सिंह ने कहा, ‘‘मुझे आग लगने की जानकारी दोपहर में बाजार पहुंचने पर मिली।’’

आग से क्षतिग्रस्त दुकान से सटा एक कच्चा मकान बंद मिला।

स्थानीय लोगों के अनुसार, वहां रहने वाला परिवार घटना के बाद अस्थायी रूप से कहीं और चला गया है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-तीन) शालिनी दीक्षित ने यह पूछे जाने पर कि क्या दो पेट्रोल पंपों के इतने निकट यह गोदाम वैध था, जिस पर उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया, ‘‘जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।’’

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद लगातार विस्फोट हुए और लपटें करीब 80 फुट ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं।

करीब 10 दमकल वाहनों ने लगभग तीन घंटे तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया।

अग्निशमन अभियान के दौरान एहतियातन बंद की गई बिजली आपूर्ति दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर बहाल कर दी गई।

मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी बंसवाराज प्रजापति ने इसकी पुष्टि की।

भाषा दिमो जितेंद्र

जितेंद्र