Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

छत्तीसगढ़ ने सात कंपनियों के साथ 9,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते किए

हैदराबाद, 12 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार को यहां आयोजित 'छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट' कार्यक्रम में सात कंपनियों के साथ 9,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इन परियोजनाओं से 7,800 से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा कि निवेश समझौते औषधि, सौर उपकरण विनिर्माण, डेयरी और अन्य क्षेत्रों में किए गए हैं।

साय ने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीति को अब तक लगभग आठ लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राज्य में अब कोई भी जिला माओवादी प्रभाव वाला नहीं बचा है।

उन्होंने निवेशकों से राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा कि त्वरित मंजूरी, एकल खिड़की प्रणाली, बेहतर बुनियादी ढांचे और उद्योग-अनुकूल नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ निवेश के पसंदीदा केंद्र के रूप में उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से हैदराबाद की सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), औषधि और लॉजिस्टिक क्षेत्र की कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को हरसंभव सहयोग और अनुकूल कारोबारी माहौल उपलब्ध करा रही है।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ हरित इस्पात उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभर रहा है और देश के प्रमुख ऊर्जा केंद्र के रूप में भी अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।

उन्होंने बताया कि ऊर्जा क्षेत्र में राज्य को 3.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।

तेलंगाना की प्रस्तावित सम्मक्का-सरक्का लिफ्ट सिंचाई परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) के संबंध में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की से सर्वेक्षण कराया जा रहा है और उसकी रिपोर्ट का इंतजार है।

हैदराबाद में आयोजित 'छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट' में सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड की ओर से आया। कंपनी ने छत्तीसगढ़ में आधुनिक डाटा सेंटर स्थापित करने के लिए 4,200 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे लगभग 250 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

फीग्रेड एंड कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है, जिससे करीब 4,000 रोजगार सृजित हो सकते हैं।

निवाई लैब्स प्राइवेट लिमिटेड ने कृत्रिम मेधा (एआई), सेमीकंडक्टर और उच्च क्षमता वाली कंप्यूटिंग सुविधाओं से जुड़े क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये निवेश की रुचि दिखाई है।

कंपनी ने कहा कि यह निवेश राज्य को उभरती डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक्स अर्थव्यवस्था से जोड़ने में मदद करेगा तथा लगभग 200 रोजगार सृजित करेगा।

सौर ऊर्जा उपकरण विनिर्माण क्षेत्र की कंपनी एसजी मार्ट लिमिटेड ने 700 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। वहीं, श्री सारवाना मिल्स प्राइवेट लिमिटेड ने कपड़ा उद्योग में 528 करोड़ रुपये निवेश की इच्छा जताई है, जिससे लगभग 2,500 लोगों को रोजगार मिल सकता है।

औषधि क्षेत्र की काबरा ड्रग्स ने 200 करोड़ रुपये और डेयरी क्षेत्र की दिनशॉज डेयरी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने 40 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है।

भाषा योगेश रमण

रमण