Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

जम्मू-कश्मीर के डोडा में ऑनलाइन मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़

जम्मू, 12 जून (भाषा) पुलिस ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक ऑनलाइन मादक पदार्थ आपूर्ति गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया और 2,000 प्रेगाबालिन कैप्सूल जब्त किए।

यह कार्रवाई ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर’ अभियान के तहत मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

पुलिस ने बताया कि उसे ऑनलाइन मंचों और कूरियर सेवाओं के जरिए प्रेगाबालिन-आईपी 300 मिलीग्राम कैप्सूल की अवैध खरीद और आपूर्ति संबंधी पुख्ता सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी शुरू की और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने के लिए खुफिया अभियान शुरू किया।

खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने खानपुरा फागसू निवासी तथा वर्तमान में नई बस्ती ठठरी में रह रहे सरमद अली खान को एक कूरियर केंद्र से संदिग्ध पार्सल प्राप्त करने के तुरंत बाद पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पार्सल में 2,000 प्रेगाबालिन कैप्सूल मिले, जिन्हें 10-10 कैप्सूल वाले 200 पत्तों में पैक किया गया था।

पुलिस के अनुसार, यह दवा चिकित्सकीय उपयोग के लिए निर्धारित होती है, लेकिन इसका इस्तेमाल अक्सर नशीले पदार्थ के रूप में भी किया जाता है।

मौके पर ही खेप जब्त कर ली गई और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को बाद में ठठरी के प्रथम श्रेणी कार्यकारी मजिस्ट्रेट (ईएमआईसी) के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने उसे छह दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भद्रवाह भेज दिया।

पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई से एक अवैध ऑनलाइन मादक पदार्थ आपूर्ति नेटवर्क का खुलासा हुआ है और जिले में बड़ी मात्रा में नशीले फार्मास्युटिकल पदार्थों के प्रसार को रोका गया है।

उन्होंने बताया कि आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने, वित्तीय लेन-देन की जांच करने और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान जारी है।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश