नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में एक रिहायशी इमारत में आग लगने से हुई मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रभावित परिवारों को हर जरूरी मदद भी पहुंचाई जा रही है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और सभी संबंधित विभाग प्रभावित लोगों को समय पर मदद पहुंचाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
गुप्ता ने कहा, ‘‘तुगलकाबाद में आग लगने की घटना में लोगों की मौत बहुत दुखद है। पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करती हूं। घटना से प्रभावित सभी लोगों को हिम्मत मिले।'
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार-शुक्रवार की दरमियानी रात तुगलकाबाद एक्सटेंशन में पांच मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि 70 वर्षीय महिला समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, गोविंदपुरी थाने को देर रात करीब 2:31 बजे आग लगने की सूचना दी गई।
इमारत में घना धुआं फैलने और कई लोगों के अंदर फंस जाने के बाद, उन्हें बाहर निकालने के लिए समन्वित अभियान चलाया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), कैट्स एम्बुलेंस सर्विस और अन्य आपात प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीमों को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया।
उन्होंने कहा, 'घायलों को बेहतरीन मेडिकल सुविधाएं दी जा रही हैं और प्रभावित परिवारों को हर ज़रूरी मदद भी पहुंचाई जा रही है।'
भाषा नोमान नोमान संतोष
संतोष