Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

प.बंगाल : पार्थ चटर्जी के पुराने कार्यालय में जाने से पहले नवनियुक्त मंत्री बिशाल लामा ने पूजा की

कोलकाता, 12 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मंत्री बिशाल लामा ने राज्य सचिवालय में उनके लिए निर्धारित उस कार्यालय कक्ष में प्रवेश करने से पहले शुक्रवार को पूजा की, जिसका इस्तेमाल कभी पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी किया करते थे।

चटर्जी को स्कूल भर्ती घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था।

गृह एवं पर्वतीय मामले विभाग के राज्यमंत्री लामा ने हालांकि संवाददाताओं से कहा कि कोई भी नया काम शुरू करने से पहले पूजा करना उनकी निजी परंपरा है और इसे इस कमरे का पहले चटर्जी द्वारा इस्तेमाल किए जाने के कारण अलग नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए।

कालचीनी से विधायक लामा अल्पसंख्यक मामलों और मदरसा शिक्षा विभाग के राज्यमंत्री भी हैं। पदभार संभालने के बाद वह राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ की पहली मंजिल पर उन्हें आवंटित कार्यालय में शुक्रवार को पहली बार पहुंचे।

उनके साथ मौजूद अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पिछली सरकार के समय चटर्जी जब भी सचिवालय में बैठकों में शामिल होते थे, तो वे कमरा नंबर 101 का इस्तेमाल करते थे।

लामा ने औपचारिक रूप से कार्यालय में बैठने से पहले धार्मिक अनुष्ठान करने का फैसला किया।

अधिकारियों के अनुसार, लामा ने कहा कि वह ‘‘पहले गंगाजल छिड़केंगे और पूजा करेंगे। उसके बाद ही इस कमरे में बैठेंगे।’’ उन्होंने बताया कि मंत्री ने कार्यालय का औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने से पहले धार्मिक अनुष्ठान कराया।

लामा ने कहा, ‘‘कोई भी शुभ कार्य शुरू करने से पहले पूजा करना हमारी परंपरा है। जब मैंने पहली बार अपना विधायक कार्यालय खोला था, तब भी मैंने ऐसा ही किया था और यहां भी मैं वही परंपरा निभा रहा हूं।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती राज्य सरकार में वरिष्ठ मंत्री रहे चटर्जी को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्कूल में नौकरियों के बदले कथित नकदी घोटाले के सिलसिले में 23 जुलाई 2022 को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें तृणमूल कांग्रेस से पांच साल के लिए निलंबित कर दिया गया था।

चटर्जी की सहयोगी अर्पिता मुखर्जी से जुड़ी संपत्तियों से भारी मात्रा में नकदी और कीमती सामान बरामद होने के बाद इस मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा था। चटर्जी को गिरफ्तारी के तीन साल और तीन महीने बाद नवंबर 2025 में जमानत मिल गई थी।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा