लखनऊ, 12 जून (भाषा) चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से उड़ान भरने से कुछ देर पहले बम की ‘धमकी’ मिलने के बाद शुक्रवार को लखनऊ-दिल्ली उड़ान में देरी हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
करीब 180 यात्रियों को लेकर इंडिगो का विमान सुबह 10.45 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था।
सूत्रों ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में शुक्रवार को विलंब हो गया क्योंकि विमान में बम होने की झूठी धमकी मिली।
सूत्रों के अनुसार, लगभग 180 यात्रियों को लेकर यह उड़ान सुबह 10.45 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन प्रस्थान से कुछ समय पहले ही चालक दल को संभावित बम धमकी का पता चला।
सूचना मिलने के बाद विमान को एप्रन पर रोक दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन तलाशी अभियान शुरू किया।
एक अन्य सूत्र ने बताया कि विमान के शौचालय से एक टिशू पेपर मिला, जिस पर ‘बम’ लिखा हुआ था, जिसके बाद अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि जांच में यह धमकी झूठी निकली।
अधिकारियों ने बताया कि विमान की पूरी जांच के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
अधिकारियों के अनुसार, आगे की कानूनी और सुरक्षा प्रक्रियाएं जारी हैं। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक उड़ान रवाना नहीं हुई थी।
इंडिगो के एक प्रवक्ता ने कहा कि उड़ान भरने से कुछ देर पहले उसकी उड़ान 6ई में कथित सुरक्षा खतरे का पता चला।
प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘स्थापित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, हमने संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया और आवश्यक सुरक्षा जांच करने में उनका पूरा सहयोग कर रहे हैं।’’
प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ''संबंधित मंजूरी मिलने के बाद विमान दिल्ली के लिए अपनी यात्रा संचालित करेगा।''
उन्होंने कहा, ‘‘हमें अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हम इसे कम करने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं, जिसमें उन्हें जलपान और समय पर अद्यतन जानकारी पेशकश भी शामिल है। हमेशा की तरह, हमारी प्राथमिकता सुरक्षा और संरक्षा है। ग्राहक, चालक दल और विमान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं।’’
भाषा किशोर जफर मनीषा
मनीषा